Close Menu
    विज्ञापन
    Facebook X (Twitter) Instagram YouTube
    • Home
    • About Us
    • Contact Us
    • MP Info RSS Feed
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Taaja Khabar
    • Home
    • देश
    • विदेश
    • राज्य
    • मध्यप्रदेश
      • मध्यप्रदेश जनसंपर्क
    • छत्तीसगढ़
      • छत्तीसगढ़ जनसंपर्क
    • राजनीती
    • धर्म
    • अन्य खबरें
      • मनोरंजन
      • खेल
      • तकनीकी
      • व्यापार
      • करियर
      • लाइफ स्टाइल
    Taaja Khabar
    Home»राज्य»छत्तीसगढ़»छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव और साहित्यिक वैभव का साक्षी बना छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव समारोह में हुए शामिल….
    छत्तीसगढ़

    छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव और साहित्यिक वैभव का साक्षी बना छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव समारोह में हुए शामिल….

    News DeskBy News DeskNovember 28, 2026No Comments11 Mins Read
    Facebook Twitter Pinterest LinkedIn Tumblr WhatsApp Email Telegram Copy Link
    छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव और साहित्यिक वैभव का साक्षी बना छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव समारोह में हुए शामिल….
    Share
    Facebook Twitter LinkedIn WhatsApp Pinterest Email

    रायपुर: छत्तीसगढ़ की अस्मिता, लोक संस्कृति, समृद्ध परंपराओं और जनभावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव को समर्पित राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह आज राजधानी रायपुर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। संस्कृति विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया गया। साहित्यिक कृतियों के विमोचन, छत्तीसगढ़ी लघु फिल्म के लोकार्पण, साहित्यकारों के सम्मान, साहित्यिक परिचर्चा और कवि सम्मेलन से सुसज्जित यह आयोजन छत्तीसगढ़ी भाषा की समृद्ध साहित्यिक परंपरा, सांस्कृतिक चेतना और भाषायी स्वाभिमान का साक्षी बना।

    मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने वीडियो संदेश के माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा के अधिकाधिक उपयोग तथा नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का आह्वान किया।

    वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव समारोह में हुए शामिल

    समारोह में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त श्री प्रभात मिश्रा, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन,   संस्कृति एवं राजभाषा संचालक डॉ. संजय कन्नौजे तथा छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार सहित प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए साहित्यकार, कवि, लेखक एवं छत्तीसगढ़ी भाषा प्रेमी उपस्थित रहे।

    *छत्तीसगढ़ी भाषा के मान-सम्मान को और बढ़ाने का लें संकल्प: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय*

    मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा हमारी सांस्कृतिक विरासत और स्वाभिमान का प्रतीक है। हमारे लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और परंपराओं में छत्तीसगढ़ी की मिठास और आत्मीयता झलकती है। छत्तीसगढ़ी भाषा पीढ़ियों से हमारी संस्कृति और जीवन मूल्यों को सहेजते हुए हमें अपनी जड़ों से जोड़े हुए है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके अधिकाधिक उपयोग और नई पीढ़ी से जुड़ाव में निहित होती है। हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व करने के साथ ही इसे दैनिक व्यवहार, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक अभिव्यक्ति में अधिक से अधिक स्थान देना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर हम सभी अपनी मातृभाषा के मान-सम्मान को और बढ़ाने तथा इसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लें, ताकि हमारी भाषा की मिठास और सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक अक्षुण्ण बनी रहे।

    *घर-परिवार और कामकाज में बेहिचक करें मातृभाषा का उपयोग: संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल*

    संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ी केवल एक बोली या भाषा नहीं है, बल्कि यह हमारे पूर्वजों का आशीर्वाद, हमारी लोक संस्कृति की पहचान और हमारे हृदय से जुड़ी एक भावनात्मक डोर है। जब किसी दूसरे प्रदेश में हमें अपनी छत्तीसगढ़ी भाषा सुनने को मिलती है, तो हमारा मन आनंद से भर उठता है। ऐसा लगता है, मानो हम अपने गांव और घर के आंगन में आ गए हों। यही अपनी मातृभाषा के प्रति हमारे आत्मीय जुड़ाव की विशेषता है।

    मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि राजभाषा दिवस के इस विशेष अवसर पर हम सभी संकल्प लें कि अपने बच्चों को भी छत्तीसगढ़ी भाषा सिखाएंगे, अपने घर-परिवार और दैनिक कामकाज में बिना किसी संकोच के छत्तीसगढ़ी बोलेंगे तथा अपनी मातृभाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान देंगे। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

    *स्थानीय भाषा में प्रारंभिक शिक्षा से बच्चों के सर्वांगीण विकास को मिलेगा बढ़ावा: वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी*

    वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने समारोह को संबोधित करते हुए अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़े रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने ब्रिटिश शासनकाल की शिक्षा नीति और मैकाले का संदर्भ देते हुए कहा कि किसी भी समाज की भाषा और संस्कृति उसकी मूल पहचान होती है। अपनी भाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव व्यक्ति के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

    वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक स्कूली शिक्षा स्थानीय बोली और भाषा में होनी चाहिए, जिससे वे शिक्षा को सहजता से समझ सकें और ज्ञान को बेहतर ढंग से आत्मसात कर सकें। इससे बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व के विकास को भी नई दिशा मिल सकती है।

    वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव समारोह में हुए शामिल

    उन्होंने अपने स्कूली जीवन से लेकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन तक के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि अन्य भाषाओं को सीखने में कोई बुराई नहीं है। अंग्रेजी सहित अन्य भाषाओं का ज्ञान अर्जित करें, लेकिन अपनी मातृभाषा और संस्कृति को कभी न छोड़ें। अपनी भाषा के प्रति गौरव और आत्मविश्वास का भाव सदैव बनाए रखना चाहिए।

    *छत्तीसगढ़ी बोलने में संकोच नहीं, गौरव का अनुभव करें रू स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव*

    स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि पृथक छत्तीसगढ़ राज्य के गठन से पहले ग्रामीण अंचलों से शहर आने वाले अनेक लोगों में छत्तीसगढ़ी बोलने को लेकर संकोच का भाव रहता था। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन और छत्तीसगढ़ी को राजभाषा का दर्जा मिलने के बाद इस स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी बोलने में हीनभावना का अनुभव करने वाली मानसिकता को बदलने की आवश्यकता है। हमें अपनी मातृभाषा बोलने में गौरव का अनुभव करना चाहिए।

    श्री यादव ने छत्तीसगढ़ी भाषा की प्राचीनता और समृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि श्री हीरालाल काव्योपाध्याय ने वर्ष 1885 में ही छत्तीसगढ़ी भाषा का व्याकरण तैयार कर दिया था। यह हमारी भाषा की समृद्ध साहित्यिक एवं व्याकरणिक परंपरा का परिचायक है।

    स्कूल शिक्षा मंत्री ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खानपान, रहन-सहन, जीवनशैली, लोकाचार और सांस्कृतिक परंपराओं का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी छत्तीसगढ़ी संस्कृति अत्यंत समृद्ध और विशिष्ट है। हमें आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए भी अपनी भाषा, संस्कृति और जीवन मूल्यों को नहीं भूलना चाहिए।

    समारोह को विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने भी संबोधित किया। छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

    *14 साहित्यिक कृतियों के विमोचन से समृद्ध हुआ छत्तीसगढ़ी साहित्य का भंडार*

    राजभाषा दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य के विविध आयामों को समृद्ध बनाने वाली 14 साहित्यिक कृतियों का विमोचन किया गया। इनमें श्री अरविंद मिश्र की ‘नोहर-छोहर छत्तीसगढ़’, श्री बिसरू राम कुर्रे की ‘माटी के लाल’, श्री गणेश्वर पटेल की ‘आखर अउ अंजोर’, श्रीमती पद्मा साहू ‘पर्वणी’ की ‘उधारी के सुवासा’, श्रीमती सुमित्रा साहू की ‘छत्तीसगढ़ के गहना-गुरिया परिधान’, श्री रामकुमार वर्मा की ‘जसगीत झांकी भाग-02’, श्री अमोल दास टंडन की ‘मय माटी अंव रे झन बाटव ये देश ल’, श्री बलराम मिर्झा की ‘धर्म क्रांति के अगवा’, सुश्री प्रिया देवांगन की ‘माटी के सिरजाय छंद’, श्रीमती सुधा वर्मा (डॉ. सत्यभामा आडिल) की ‘अंचरा के धागा’, श्रीमती सुधा वर्मा की ‘ठउर खोजत बसंत’, श्री डोरे लाल कैवर्त की ‘अमृत गंगार’, श्री बंशीधर लाल की ‘सियान के गोठ’ तथा श्री डूमन लाल ध्रुव की ‘जिनगी बिरथा नइ जाय’ शामिल हैं।

    इन साहित्यिक कृतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ी लोकजीवन, सामाजिक सरोकारों, पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों, सांस्कृतिक मूल्यों और जनभावनाओं के विविध स्वरूपों को पाठकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। साहित्यिक कृतियों का विमोचन छत्तीसगढ़ी भाषा में मौलिक लेखन और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

    *छत्तीसगढ़ी लघु फिल्म ‘मोर भाखा’ का हुआ लोकार्पण*

    राजभाषा दिवस समारोह के अवसर पर छत्तीसगढ़ी लघु फिल्म ‘मोर भाखा’ का भी लोकार्पण किया गया। छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रचार-प्रसार में साहित्य के साथ-साथ दृश्य-श्रव्य माध्यमों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे रचनात्मक प्रयास छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रति आत्मीयता और गौरव की भावना को सुदृढ़ करने तथा नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा से जोड़ने में सहायक होंगे।

    *छत्तीसगढ़ी भाषा की सेवा करने वाले पांच साहित्यकारों का हुआ सम्मान*

    समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य की सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रदेश के पांच साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। इनमें गरियाबंद जिले के श्री मकसूदन राम साहू ‘बरीवाला’, रायगढ़ जिले की श्रीमती सुधा देवांगन, सरगुजा जिले के बतौली निवासी श्री सुदामा राम गुप्ता तथा रायपुर जिले के श्री ईश्वर साहू ‘बंधी’ एवं श्री गोविंद धनगर शामिल हैं।

    साहित्यकारों का यह सम्मान छत्तीसगढ़ी भाषा की सेवा में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही नई पीढ़ी के रचनाकारों को साहित्य सृजन के लिए प्रेरित करने का माध्यम बना। इस अवसर पर अतिथियों को छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप ‘मया चिन्हारी’ भी भेंट की गई।

    *‘पुरखा के सुरता’ में स्मरण किया गया डॉ. सत्यभामा आडिल का अमूल्य साहित्यिक योगदान*

    राजभाषा दिवस समारोह के दूसरे सत्र में ‘पुरखा के सुरता’ विषय पर साहित्यिक परिचर्चा आयोजित की गई। यह परिचर्चा छत्तीसगढ़ की वरिष्ठ साहित्यकार, कवयित्री, शिक्षाविद् एवं लोक संस्कृति की अध्येता स्वर्गीय डॉ. सत्यभामा आडिल को समर्पित रही। परिचर्चा में डॉ. कल्पना मिश्रा एवं डॉ. रेशमा अंसारी ने वक्ता के रूप में उनके व्यक्तित्व, कृतित्व एवं साहित्यिक योगदान पर विचार व्यक्त किए।

    स्वर्गीय डॉ. सत्यभामा आडिल ने हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जन्म 1 जनवरी 1944 को दुर्ग जिले के ग्राम पंदर में हुआ था। हिंदी साहित्य में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के पश्चात उन्होंने अध्यापन, साहित्य सृजन एवं शोध के माध्यम से छत्तीसगढ़ की भाषायी और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया। वे शासकीय दूधाधारी बजरंग महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रायपुर में हिंदी विभागाध्यक्ष तथा पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में कला संकाय की अधिष्ठाता भी रहीं।

    उनकी प्रमुख साहित्यिक कृतियों में ‘छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य’, ‘क्वांर की दुपहरी’, ‘संत धर्मदास’, ‘छत्तीसगढ़ी व्यावहारिक शब्दकोश’ एवं ‘जनपदीय भाषा-साहित्य छत्तीसगढ़ी’ शामिल हैं। साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें पंडित सुंदरलाल शर्मा राज्य सम्मान, हरि ठाकुर सम्मान, लोक विभूति सम्मान, ग्राम्य भारती सम्मान एवं विशिष्ट साहित्य शिखर सम्मान सहित अनेक सम्मानों से नवाजा गया।

    डॉ. आडिल ने अपनी साहित्यिक साधना और शोध कार्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, लोकगीतों, लोकगाथाओं एवं सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया। महिला सशक्तीकरण, सामाजिक एकता और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन की दिशा में भी उनका उल्लेखनीय योगदान रहा। ‘पुरखा के सुरता’ साहित्यिक परिचर्चा उनके साहित्यिक अवदान के प्रति     कृतज्ञता व्यक्त करने और नई पीढ़ी को उनके रचनात्मक योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर बनी।

    *कवि सम्मेलन में गूंजे छत्तीसगढ़ी माटी के स्वर, साहित्य की रसधारा में डूबे श्रोता*

    राजभाषा दिवस समारोह के तीसरे सत्र में आयोजित छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन में प्रदेश के प्रतिष्ठित कवियों एवं साहित्यकारों ने अपनी भावपूर्ण रचनाओं से आयोजन में चार चांद लगा दिए। कवियों ने छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास, लोकजीवन की सहजता, माटी से जुड़ी संवेदनाओं और सांस्कृतिक विविधता को अपनी रचनाओं के माध्यम से अभिव्यक्त किया। छत्तीसगढ़ी भाषा में भावों की सहज और प्रभावशाली अभिव्यक्ति ने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

    कवि सम्मेलन में श्री बिहारी लाल साहू, श्री रमेन्द्रनाथ मिश्र, डॉ. सुधीर शर्मा, डॉ. पी.सी. लाल यादव, श्री अरुण निगम, श्री किशोर तिवारी, श्री डी.पी. पारकर, श्रीमती सुधा वर्मा, श्री अरविंद मिश्र, श्री रामनाथ साहू, श्री राकेश तिवारी, श्री दानी प्रसाद शर्मा, श्री हेमलाल निर्माेही, श्री विजय मिश्रा, श्री रूपेश तिवारी, श्री विवेक तिवारी, श्री प्रदीप पाण्डेय, श्री काशीपुरी कुंदन, श्री सुरेश गंगवार, श्री राजाराम रसिक, श्री इंद्रदेव यदु सहित अन्य कवियों एवं साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी।

    कवि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ी भाषा का साहित्यिक सौंदर्य, शब्दों की मिठास और लोकजीवन से जुड़ी संवेदनाएं साकार होती नजर आईं। कवियों की प्रस्तुतियों ने छत्तीसगढ़ी भाषा की अभिव्यक्ति क्षमता और समृद्ध काव्य परंपरा को रेखांकित किया।

    *राजभाषा दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री ने किया छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ एवं पंचांग ‘बछर’ का विमोचन*

    छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस की पूर्व संध्या मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा प्रकाशित छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ एवं छत्तीसगढ़ी पंचांग ‘बछर’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने प्रकाशन से जुड़े सभी साहित्यकारों, संपादक मंडल एवं छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ी केवल बोलचाल की भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक अस्मिता, लोकजीवन और पीढ़ियों से संजोई गई परंपराओं की जीवंत अभिव्यक्ति है। पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ छत्तीसगढ़ी साहित्य और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी, वहीं पंचांग ‘बछर’ हमारी पारंपरिक कालगणना, लोकपर्वों और सांस्कृतिक मान्यताओं से नई पीढ़ी को परिचित कराने में उपयोगी सिद्ध होगा।

    *मातृभाषा के संरक्षण और संवर्धन के संकल्प के साथ संपन्न हुआ समारोह*

    छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन प्रदेश की भाषायी एवं सांस्कृतिक अस्मिता को सुदृढ़ करने, साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बना। समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रति गौरव की भावना को और अधिक मजबूत करने तथा दैनिक जीवन, शिक्षा, साहित्य, सिनेमा और रचनात्मक गतिविधियों में इसके उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

    समारोह का मंच संचालन श्री विजय मिश्रा ‘अमित’ एवं श्रीमती संध्यारानी शुक्ला ने किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए साहित्यकार, कवि, लेखक, भाषा प्रेमी, गणमान्य नागरिक तथा संस्कृति विभाग एवं छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

    News Desk

    Related Posts

    स्थानीय बोली-भाषा में शिक्षा से बच्चों की मौलिक प्रतिभा और व्यक्तित्व का होगा बेहतर विकास : वित्त मंत्री ओपी चौधरी…..

    November 28, 2026

    शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी को दी श्रद्धांजलि….

    November 28, 2026

    राष्ट्रीय पहचान की ओर भखारा का आमा तालाब, रामसर साइट के रूप में विकसित करने तेज हुए प्रयास …..

    November 28, 2026

    रौतिया समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का संरक्षण हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय…..

    November 28, 2026

    गांव की बिजली से गांव का विकास, यही ग्रामीण आत्मनिर्भरता का नया मॉडल : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय…..

    November 28, 2026

    राज्यपाल रमेन डेका से स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सौजन्य भेंट की…

    November 28, 2026
    RO.No :-14063/49
    हमसे जुड़ें
    • Facebook
    • Twitter
    • Pinterest
    • Instagram
    • YouTube
    • Vimeo
    अन्य ख़बरें

    स्थानीय बोली-भाषा में शिक्षा से बच्चों की मौलिक प्रतिभा और व्यक्तित्व का होगा बेहतर विकास : वित्त मंत्री ओपी चौधरी…..

    November 28, 2026

    शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी को दी श्रद्धांजलि….

    November 28, 2026

    छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव और साहित्यिक वैभव का साक्षी बना छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव समारोह में हुए शामिल….

    November 28, 2026

    राष्ट्रीय पहचान की ओर भखारा का आमा तालाब, रामसर साइट के रूप में विकसित करने तेज हुए प्रयास …..

    November 28, 2026
    हमारे बारे में

    यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, खेल जगत, लाइफस्टाइल, बिजनेस, सेहत, ब्यूटी, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

    Disclaimer - समाचार से सम्बंधित किसी भी तरह के विवाद के लिए साइट के कुछ तत्वों में उपयोगकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत सामग्री ( समाचार / फोटो / विडियो आदि ) शामिल होगी स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक इस तरह के सामग्रियों के लिए कोई ज़िम्मेदार नहीं स्वीकार करता है। न्यूज़ पोर्टल में प्रकाशित ऐसी सामग्री के लिए संवाददाता / खबर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा, स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई भी जिम्मेदारी नहीं होगी. सभी विवादों का न्यायक्षेत्र रायपुर होगा

    हमसे सम्पर्क करें
    संपादक - Faraha Niyazi
    मोबाइल - 8889278888
    ईमेल - [email protected]
    कार्यालय - Royal Garden , LIC Road Kangoli, Jagdalpur - 494001
    November 2026
    M T W T F S S
     1
    2345678
    9101112131415
    16171819202122
    23242526272829
    30  
    « Oct    
    Facebook X (Twitter) Instagram Pinterest
    • Home
    • About Us
    • Contact Us
    • MP Info RSS Feed
    © 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.

    Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.